मंडलायुक्त ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यों का औचक निरीक्षण किया

Share

सुनवाई व फीडिंग प्रक्रिया में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश

जौनपुर। माननीय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में आयुक्त वाराणसी मंडल एवं रोल प्रेक्षक एस. राजलिंगम ने गुरुवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र की उपस्थिति में खंड विकास अधिकारी सिरकोनी के कार्यालय में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना रहा।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त/रोल प्रेक्षक ने उपस्थित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) से जनसुनवाई के समय साक्ष्य मिलान की संपूर्ण प्रक्रिया, दावे एवं आपत्तियों की फीडिंग, साथ ही अनमैप्ड मतदाताओं की सूची के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि सुनवाई एवं डाटा फीडिंग की प्रक्रिया में और अधिक तेजी लाई जाए, जिससे निर्वाचन से जुड़े इस अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।

आयुक्त राजलिंगम ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), खंड विकास अधिकारी सिरकोनी, एईआरओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *