ईद – नवरात्रि को लेकर डीएम-एसपी की सख्त चेतावनी, शांति में खलल डालने वालों पर कड़ी कार्यवाही

Share

जौनपुर। आगामी ईद एवं नवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की मौजूदगी में जिला शांति समिति की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रशासन ने साफ संदेश दिया त्योहारों में खलल डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी धर्मों के त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता के प्रतीक होते हैं। इन्हें मिल-जुलकर मनाना ही हमारी परंपरा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की सभी प्रमुख सड़कों को तत्काल गड्ढामुक्त किया जाए, ताकि त्योहार के दौरान आवागमन में कोई बाधा न आए।

डीएम ने बिजली विभाग को त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही नगर निकायों को साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के आदेश दिए। पेयजल आपूर्ति को लेकर भी किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।

वहीं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पूरे जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा के इंतजाम किए जा चुके हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और महिला पुलिस बल सहित पर्याप्त फोर्स तैनात रहेगा।

एसपी ने आमजन से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बैठक में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और नगर निकायों के पदाधिकारियों ने भी शांति और सौहार्द बनाए रखने का भरोसा दिलाया। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इन्द्र नंदन सिंह सहित शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *