समाज में सकारात्मक परिवर्तन पैदा करें विद्यार्थीः डॉ. विनोद सिंह

Share

एनएसएस शिविर के दूसरे दिन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
मुख्य अतिथि परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि “राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है। स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे कार्यों में भागीदारी से छात्र समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। स्वच्छता अभियान और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे सार्थक कार्यों में सक्रिय भागीदारी से छात्र न केवल अपने आसपास का पर्यावरण स्वच्छ बनाते हैं, बल्कि पूरे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की लहर पैदा करते हैं। डॉ. सिंह ने छात्रों से अपील की कि वे एनएसएस के माध्यम से स्वयंसेवा को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं, ताकि एक स्वच्छ, समृद्ध और जिम्मेदार भारत का निर्माण हो सके। यह पहल युवा पीढ़ी को नेतृत्व प्रदान करने और सामाजिक समस्याओं का समाधान खोजने में सक्षम बनाएगी।

विशिष्ट अतिथि प्रो. अजय प्रताप सिंह ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान न मानकर जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। जब तक हम अपशिष्ट के सही प्रबंधन को नहीं अपनाएंगे, तब तक स्वच्छ समाज की कल्पना अधूरी रहेगी।
इस अवसर पर शिविरार्थियों ने मुक्तांगन परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलायी।

कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अजय मौर्य, डॉ. विशाल यादव, डॉ. प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, डॉ. शशिकांत यादव एवं डॉ. अनुराग मिश्र, उद्देश्य सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा शिविर के उद्देश्यों को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

शिविर में स्वयंसेवक दिव्यांशु सिंह, पृथ्वी राज सिंह, प्रियांशी मौर्य, प्रिया मोर्य, मनीष यादव, मोनू कुमार, मनीष जायसवाल, अर्पिता यादव, आलोक मिश्रा, शंभू चौरसिया, रजनीश कन्हैया यादव सौरभ सिंह सिद्धार्थ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *