नौ साल का रिपोर्ट कार्ड: जौनपुर में विकास की झलक, भव्य प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

Share

जौनपुर। प्रदेश सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में भव्य प्रदर्शनी, गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान अतिथियों ने विभागवार स्टॉल का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने अतिथियों का अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में टीडी कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, वहीं सूचना विभाग से पंजीकृत कलाकार अशोक कुमार यादव और सोनम सरोज की टीम ने लोकगीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया। कस्तूरबा गांधी विद्यालय करंजाकला और टीडी कॉलेज की छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह और रंगों से भर दिया, जिसकी दर्शकों ने खूब सराहना की।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में समावेशी विकास और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था स्थापित हुई है। वहीं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि बीते नौ वर्षों में जनपद में आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिली है। विभिन्न बाइपास निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जिससे विशेषकर मुगराबादशाहपुर क्षेत्र में जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत दिव्यांग, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन का व्यापक लाभ दिया जा रहा है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत करीब 14 लाख लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमी विकास योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया, जबकि अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण सहित आमजन उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *