कानपुर नगर। नवरात्रि के पावन अवसर पर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत कानपुर स्थित नटवन टोला बस्ती में गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए ड्रेस वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक सेवा एवं जनजागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बस्ती में रहने वाले अनेक जरूरतमंद बच्चों को ड्रेस वितरित की गई, जिससे बच्चों एवं उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। इसके साथ ही “मिशन शक्ति अभियान” के तहत महिलाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन एवं जागरूकता के प्रति प्रेरित किया गया। महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा एवं शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिवाकर प्रजापति जी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों की शिक्षा समाज के विकास की नींव है। उन्होंने सभी से अपील की कि प्रत्येक बच्चा, विशेषकर बेटियाँ, शिक्षा से वंचित न रहें और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आरती द्विवेदी जी ने भी बच्चों की शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।
संस्था की संस्थापक शकुन्तला देवी जी वह संस्था के वरिष्ठ सदस्य आशुतोष दुबे जी ने अपने हाथों से बच्चों को ड्रेस वितरित की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में संस्था की कोषाध्यक्ष संध्या चक्रवर्ती जी भी उपस्थित रहीं और उन्होंने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अंत में, कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।












Leave a Reply