जौनपुर। शहर के ऐतिहासिक शाही पुल और आसपास स्थित मंदिरों के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने मंगलवार को शाही पुल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवास एवं विकास परिषद द्वारा प्रस्तावित सौंदर्यीकरण योजनाओं के संबंध में अधिशासी अभियंता प्रीति विश्वकर्मा से विस्तृत जानकारी ली और कार्यों को गुणवत्ता व समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद जौनपुर के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार को विशेष रूप से निर्देशित किया कि शाही पुल, गोमती घाट और नगर क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की सुंदरता और स्वच्छता बनी रहे।
उन्होंने कहा कि शाही पुल और गोमती घाट शहर की पहचान हैं, इनके सौंदर्यीकरण से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी बेहतर वातावरण मिलेगा।
इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।












Leave a Reply