टीजीटी परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारी

Share

जौनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा-2026 को जनपद में सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा कार्य में तैनात सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 तथा आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 20 परीक्षा केन्द्रों पर 03 एवं 04 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित होने वाली टीजीटी परीक्षा के लिए सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सभी मजिस्ट्रेट परीक्षा प्रारम्भ होने से एक घंटा पूर्व अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे तथा परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखेंगे।

उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा अवांछित गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा परीक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *