आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करें: डीएम

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का तथ्यों एवं स्थलीय सत्यापन के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा उसकी आख्या समय से पोर्टल पर अपलोड की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क कर उसकी समस्या को समझें और निस्तारण के बाद उसे कार्रवाई से अवगत भी कराएं।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल के संचालन एवं शिकायत निस्तारण प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समाधान पूरी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को विशेष रुचि लेकर शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए और कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इससे शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराई जा सकेगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *