कार्यदायी संस्थाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न, गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यदायी संस्थाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मापुर के पुनर्निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाए सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं अध्ययन हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मड़ियाहूं का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को शीघ्र हैंडओवर की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन (शहरी) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि वर्षा ऋतु से पूर्व क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा खुले एवं क्षतिग्रस्त मैनहोलों को ठीक कराया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

माँ शीतला चौकिया धाम मंदिर के सौंदरीकरण कार्य को और तेजी से करने के निर्देश दिए और कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी निर्माण स्थलों पर योजना का नाम, लागत, कार्यदायी संस्था एवं अन्य आवश्यक विवरणों का सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए, जिससे आमजन को परियोजना की जानकारी उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यस्थलों पर डेंजर बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं तथा कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। श्रम कानूनों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएउन्होंने निर्देश दिया कि सभी बड़े निर्माण कार्यों में थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन (आईआईटी बीएचयू, कानपुर) से कराया जाए, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ ठेकेदारों का भुगतान भी निर्धारित समयावधि में किया जाए, जिससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित नोडल विभागों के अधिकारी प्रत्येक माह कम से कम दो बार निर्माण स्थलों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। सभी कार्यस्थलों पर संचालित सरकारी योजनाओं का समुचित एवं स्पष्ट प्रदर्शन कराया जाए, जिससे आमजन को परियोजना संबंधी जानकारी प्राप्त हो सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माण स्थलों पर उचित बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं हरित क्षेत्र (ग्रीनरी) विकसित किया जाए तथा सभी व्यवस्थाएं सुनियोजित एवं व्यवस्थित अवस्था में रखी जाएं। उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *