जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. द्वारा भारत लाइब्रेरी, दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट एवं सक्सेस पाठशाला का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा, एंट्री एवं एग्जिट व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा तथा अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में इलेक्ट्रिकल वायरिंग, इलेक्ट्रिकल कंट्रोल प्वाइंट, फायर अलार्म सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं में कई कमियां हैं। साथ ही संस्थान का प्रवेश मार्ग बेसमेंट से होकर तीसरी मंजिल तक जाता है, जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति अथवा दुर्घटना की दशा में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालना अत्यंत कठिन हो सकता है। इस पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित संस्थान को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं पहुंचाई जा रही है, जिससे अध्ययनरत छात्र-छात्राएं को पढ़ाई में किसी प्रकार की असुविधा न हो, लेकिन संस्थान से यह स्पष्ट करने के लिए जवाब तलब किया जाएगा कि किस आधार पर संस्थान संचालित किया जा रहा है तथा सुरक्षा मानकों का अनुपालन किस प्रकार सुनिश्चित किया गया है। प्राप्त जवाब एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई नियमानुसार सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि सक्सेस पाठशाला में फायर सेफ्टी के दृष्टिगत व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। वहां दो एग्जिट गेट, आपातकालीन मार्ग और फायर सुरक्षा उपकरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध थीं। फायर फाइटिंग सिस्टम का परीक्षण भी कराया गया, जिसमें सभी व्यवस्थाएं क्रियाशील पाई गईं।
भारत लाइब्रेरी में भी कुछ कमियां पाई गईं, जिस पर संबंधित संचालकों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संस्थानों को विद्युत सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही समय-समय पर फायर एक्सटिंग्विशरों का नवीनीकरण कराया जाए तथा पर्याप्त संख्या में सीओ-2 आधारित अग्निशामक यंत्र उपलब्ध रखे जाएं, क्योंकि विद्युत आग की घटनाओं में इनकी विशेष आवश्यकता होती है।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में संचालित कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी एवं छात्रावासों का नियमित निरीक्षण किया जाए। जो संस्थान बिना आवश्यक अनुमति अथवा सुरक्षा मानकों के अनुपालन के संचालित पाए जाएं, उन्हें नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाए तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जनपद में सीमित संख्या में कोचिंग संस्थान पंजीकृत हैं, जबकि बड़ी संख्या में अन्य संस्थान भी संचालित हो रहे हैं। सभी तहसीलों से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जो भी संस्थान भवन निर्माण नियमों, अग्नि सुरक्षा मानकों एवं अन्य निर्धारित नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद की अन्य तहसीलों में भी निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में उप जिलाधिकारी शाहगंज कुणाल गौरव, तहसील बदलापुर मे रानी गरिमा जायसवाल सहित अन्य उपजिलाधिकारियों के द्वारा क्षेत्राधिकारी एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ बेसमेंट एवं अन्य संकुचित स्थानों में संचालित लाइब्रेरी, कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी, विद्युत सुरक्षा, एंट्री-एग्जिट व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग एवं अन्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। संबंधित संस्थानों के संचालकों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।












Leave a Reply