वित्तीय वर्ष 2025-26: ₹22.15 करोड़ से खेतासराय–खुटहन 02 लेन मार्ग का शिलान्यास सम्पन्न

Share

जौनपुर। वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत तहसील/विकास खण्ड मुख्यालयों को 02 लेन से जोड़ने की योजना के तहत खेतासराय–खुटहन अन्य जिला मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास आज मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग उ०प्र० श्री गिरीश चंद्र यादव ने किया।

लोक निर्माण विभाग द्वारा 9.400 किमी. लम्बे इस मार्ग पर ₹2215.57 लाख यानी ₹22.15 करोड़ की लागत से कार्य कराया जाएगा। इस मार्ग के बनने से खेतासराय क्षेत्र सीधे 02 लेन से जुड़ जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से यह शिलान्यास उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री स्वतंत्र प्रभार माननीय श्री गिरीश चन्द्र यादव जी के कर-कमलों द्वारा रविवार, 28 जून 2026 को किया गया।

शिलान्यास के अवसर पर माननीय मंत्री जी ने कहा कि मा० “मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश की हर तहसील को बेहतर सड़क से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। खेतासराय–खुटहन मार्ग बनने से किसानों को मंडी तक जाने में आसानी होगी, छात्रों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने में समय बचेगा और आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं तेजी से मिलेंगी। यह मार्ग खेतासराय के लिए विकास का नया द्वार खोलेगा।”

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्राचार्य अनील उपाध्याय, गजेन्द्र पांडेय, कमला सिंह, नंदलाल राजभर, उपेंद्र मिश्रा, अजय सिंह, मनीष गुप्ता, धर्मेन्द्र मिश्रा, विनिता मौर्या, डा रामसूरत बिंद, बबलू सिंह, राजू दादा, जगदम्बा पाण्डे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं जनता उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री, उ.प्र. सरकार मनीष श्रीवास्तव ने दिया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *