वर्षा से पूर्व खुले मेनहोल, गड्ढों व जर्जर विद्युत तारों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

Share

लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, जनसुरक्षा से कोई समझौता नहींः जिलाधिकारी

जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु/व्यापार बन्धु की मासिक बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र युवाओं को लाभान्वित करते हुए ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित स्वरोजगार योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक युवा इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक के दौरान सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खण्ड मछलीशहर को कैपेसिटर बैंक स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी @5.0 के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

माननीय मुख्यमंत्री के आह्वान पर संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने समस्त औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही पौध संरक्षण के लिए अनुरोध किया। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र सीडा में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने आगामी वर्षा ऋतु के दृष्टिगत सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि किसी भी सड़क पर गड्ढे अथवा खुले मेनहोल किसी भी स्थिति में न रहें। वर्षा से पूर्व सभी गड्ढों एवं मेनहोल को सुरक्षित रूप से ढकना सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी कारणवश सड़क पर खुदाई अथवा निर्माण कार्य आवश्यक हो तो संबंधित स्थल की समुचित बैरिकेडिंग कर विभाग का नाम एवं संपर्क मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर संबंधित विभाग के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को भी निर्देशित किया कि वर्षा प्रारम्भ होने से पूर्व समस्त जर्जर विद्युत तारों एवं खम्भों, खुले बॉक्स का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए तथा किसी भी दशा में खुले अथवा लटकते विद्युत तार न छोड़े जाएं, जिससे जनहानि की संभावना समाप्त हो सके।

बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक, सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा औद्योगिक संगठनों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *