जौनपुर। सिविल जज सी0डि0/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार सिंह ने अवगत कराया है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर सुशील कुमार शशि, व सिविल जज सी0डि0/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर सुशील कुमार सिंह के निर्देशन में न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन में ऐसे वाद, जो सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं तथा जिनमें समझौतें की संभावना है, उन्हें आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निस्तारित किए जाने का प्रयास किया जायेगा। ‘‘समाधान समारोह-2026’’ का उद्देश्य केवल वादों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि पक्षकारों के मध्य आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता एवं सरल न्याय उपलब्ध कराना भी है। विशेष लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को वर्षो तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय एवं धन दोनों की बचत होगी।
सचिव ने बताया कि उक्त अभियान के सफल संचालन हेतु राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तालुका विधिक सेवा समितियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर बैठकों, जागरूकता कार्यक्रमों एवं समन्वय गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा।
न्याय को सरल, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से आमजन तक पहुॅंचाने तथा आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन में ‘‘समाधान समारोह-2026’’ के अंतर्गत संपूर्ण भारतवर्ष में विशेष लोक अदालत अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों का निस्तारण सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जायेगा।












Leave a Reply