जिलाधिकारी ने “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण

Share

करंजाकला ब्लॉक के मुख्य कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महाअभियान के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल विकास खंड करंजाकला स्थित ग्राम काफरपुर का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की तैयारी, सिंचाई व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां प्रत्येक दशा में पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के माननीय राज्यमंत्री श्री गिरीश चन्द्र यादव जी की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। इसे देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले जनप्रतिनिधियों, अतिथियों एवं आमजन के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि जनपद जौनपुर को महाअभियान के अंतर्गत लगभग 60,73,400 पौधरोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसकी शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इसके लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है तथा सभी संबंधित विभागों के मध्य सतत समन्वय स्थापित किया गया है। गड्ढों की खुदाई, पौधों का उठान एवं वितरण, वृक्षारोपण स्थलों की तैयारी, सिंचाई व्यवस्था तथा जियो-टैगिंग सहित सभी कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रभागीय वनाधिकारी ने अवगत कराया कि वन विभाग द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। नर्सरियों से पौधों का उठान एवं वितरण तेजी से किया जा रहा है तथा ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य संस्थाओं को पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि रोपित प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, नियमित सिंचाई एवं संरक्षण की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य लक्ष्यधारी विभागों को विशेष गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग को समस्त विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए महाअभियान की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे “एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जन-आंदोलन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *