डीएम एवं एसपी द्वारा ग्राम पंचायत सैयूर का किया निरीक्षण, विकास कार्यों का लिया जायजा

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन एल. द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस की कार्यवाही संपन्न होने के उपरांत विकास खंड रामनगर की ग्राम पंचायत सैयूर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनोपयोगी परिसंपत्तियों का गहन अवलोकन किया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अमृत सरोवर का निरीक्षण किया तथा परिसर स्थित अमृत वाटिका में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जल संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण पर बल दिया।

इसके उपरांत अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण कर वहाँ उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं संचालन का जायजा लिया। तत्पश्चात रूरल रिसोर्स सेंटर (आरआरसी सेंटर) का निरीक्षण करते हुए डीपीआरओ को क्रियाशील करने तथा केंद्र के संचालन एवं उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की गई। इसके बाद सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं।

इसके पश्चात पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों का संधारण, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया गया। पंचायत भवन में समस्त व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित एवं संतोषजनक पाई गईं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत में निर्मित सभी सार्वजनिक परिसंपत्तियों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुँचाया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायत में स्वच्छता, हरियाली एवं जनसुविधाओं को बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, उपजिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *