शासन निरंतर प्रयासरत है कि प्रदेश का प्रत्येक पशु रोगमुक्त एवं सुरक्षित रहे- राज्यमंत्री गिरीश चंद्र

Share

जौनपुर। मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चन्द्र यादव जी के द्वारा मुॅुहपका खुरपका (एफएमडी) रोग नियंत्रण हेतु टीकाकरण के 8 वे चरण का शुभारम्भ हरी झण्डी दिखाकर किया गया। जनपद में यह अभियान में 22 जुलाई से 8 सितम्बर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

माननीय राज्यमंत्री जी ने कहा कि पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं में होने वाली खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम हेतु संचालित व्यापक टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान का सातवां चरण सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है तथा अब आठवें चरण के अंतर्गत जनपद जौनपुर में लगभग 6 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार पशुओं को किसानों एवं पशुपालकों की अमूल्य संपत्ति मानती है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में यह व्यापक टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि पशुधन स्वस्थ एवं संरक्षित रहे तथा पशुपालकों को किसी प्रकार की आर्थिक क्षति का सामना न करना पड़े।

 माननीय मंत्री ने कहा कि शासन निरंतर प्रयासरत है कि प्रदेश का प्रत्येक पशु रोगमुक्त एवं सुरक्षित रहे। टीकाकरण के माध्यम से पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकेगा और पशुधन की उत्पादकता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं तथा विभाग के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि एफ.एम.डी. एक विषाणुजनित एवं अत्यंत संक्रामक रोग है, जो संक्रमित पशुओं से स्वस्थ पशुओं में तेजी से फैलता है। यह रोग विशेष रूप से गोवंश एवं महिषवंश के पशुओं को प्रभावित करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में पशुओं को बुखार आना, चारा छोड़ देना, दूध उत्पादन बंद या कम हो जाना, मुँह एवं खुर में छाले पड़ना तथा लंगड़ापन शामिल हैं। इस रोग की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है।

उन्होंने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की है कि अपने पशुओं का निर्धारित तिथि पर निःशुल्क एफ.एम.डी. टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि खुरपका-मुँहपका रोग से पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके तथा दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के साथ पशुपालकों की आय भी बढ़े।  

प्रभारी मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि खुरपका-मुँहपका रोग (एफ.एम.डी.) के नियंत्रण हेतु जनपद में आठवें चरण का 45 दिवसीय निःशुल्क टीकाकरण अभियान 22 जुलाई 2026 से 08 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। जनपद को इस अभियान के लिए 5,70,550 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। जनपद में कुल 6,32,664 पशु हैं, जिनमें 2,95,060 गोवंशीय तथा 3,37,604 महिषवंशीय पशु शामिल हैं। अभियान के दौरान जनपद की 1,740 ग्राम पंचायतों तथा लगभग 2 लाख पशुपालकों तक पहुंचकर टीकाकरण किया जाएगा।जनपद के 21 विकास खंडों में स्थित 36 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से 43 टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं।

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने बताया कि एफ.एम.डी. वैक्सीन की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए सभी पशु चिकित्सालयों पर कोल्ड-चेन की समुचित व्यवस्था की गई है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य पशुचिकित्साधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *