जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मापुर के पुनर्निर्माण कार्य का गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही त्रिलोचन महादेव मंदिर को दिव्य एवं भव्य स्वरूप देने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने तथा रासमंडल स्थित हनुमान मंदिर के सौंदर्यीकरण, फिनिशिंग और ग्रीनरी का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने इंदिरा गांधी स्टेडियम में महिला शौचालय और स्विमिंग पूल को क्रियाशील रखने तथा स्टेडियम के समुचित रखरखाव के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में साइबर थाना भवन के गुणवत्ता परीक्षण के भी निर्देश दिए गए। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के अधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उनके विरुद्ध उच्च स्तर पर पत्र भेजने के निर्देश दिए।
शीतला चौकियां धाम के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नियमित स्थलीय निरीक्षण करने तथा पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को जनहित में शीघ्र संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग की सभी परियोजनाओं की अलग से विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने की भी बात कही।












Leave a Reply