युवा ठान लें तो नशा हो सकता है खत्म : कुलपति प्रो. वंदना सिंह

Share

नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प के तहत पीयू में नई पहल

जौनपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश सरकार एवं संबंधित विभागों के निर्देश के क्रम में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों में एक साथ प्रारंभ हुए इस 100 सप्ताहीय राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रखते हुए राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के दौरान नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी), नई दिल्ली द्वारा प्रस्तुत लघु नाटक ने उपस्थित युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। नाटक में यह दर्शाया गया कि किस प्रकार युवा नशे की गिरफ्त में आते हैं, उनका जीवन और परिवार प्रभावित होता है तथा जागरूकता एवं दृढ़ इच्छाशक्ति के माध्यम से इस समस्या से मुक्ति पाई जा सकती है।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संदेश के लाइव प्रसारण से हुआ। इसके उपरांत कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि “आज का दिन भारतीय युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक संकल्प का दिन है। यदि युवा ठान लें तो समाज से नशे की बुराई को समाप्त करना कठिन नहीं है। देशभर के विश्वविद्यालयों में एक साथ आयोजित यह अभियान विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”

उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत का संकल्प केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है, जिसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर कुलपति ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए युवाओं से नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की। वहीं वित्तीय अध्ययन विभाग के शोध छात्र उद्देश्य सिंह ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशे का त्याग किए बिना सशक्त भारत का निर्माण संभव नहीं है।

इस अवसर पर एनसीसी कैडेट अदिति मिश्रा ने “नशा मुक्त युवा और विकसित भारत” विषय पर प्रेरक वक्तव्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम से पूर्व प्रतिभागियों ने विकसित भारत-2047 एवं नशा मुक्त युवा अभियान के लिए बनाए गए विशेष सेल्फी स्टैंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र के साथ सेल्फी लेकर अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं नशा मुक्त परिसर एवं समाज अभियान के समन्वयक डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्ष 2023 से विश्वविद्यालय द्वारा संचालित नशा मुक्त परिसर अभियान को सभी का निरंतर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने आगामी 100 सप्ताह तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की।
राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने उपस्थित जनसमूह से स्वयं तथा अपने परिजनों का माई भारत पोर्टल पर ई-प्लेज एवं प्रमाणपत्र के लिए पंजीकरण कराने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन शोधार्थी रक्षित प्रताप सिंह ने किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापकगण, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *