स्वतंत्रता दिवस पर ‘जेब्रा’ ने किया ध्वजारोहण, जौनपुर के शहीदों को किया नमन

Share

जौनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर जौनपुर मुख्यालय स्थित नाथ संप्रदाय के प्राचीन मठ बाबा बारीनाथ मंदिर, टैगोर नगर (उर्दू बाजार) परिसर में जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कर्नल रामदास द्विवेदी, दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के पूर्व मंत्री कामरेड जयप्रकाश सिंह एवं नगर परिषद के सभासद जगदीश मौर्या ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।

इस अवसर पर शांति के प्रतीक कबूतर एवं गुब्बारे नील गगन में छोड़े गए। उपस्थित लोगों ने वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की पंच प्रण शपथ ली।

जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट के सदस्यों ने अतिथियों का बैज, माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम् भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों को ‘राग जौनपुरी’ पुस्तक भी भेंट की गई।

कार्यक्रम में भारतीय सेना के 86 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्नल रामदास द्विवेदी ने अपने अनुभव साझा किए। वर्ष 1965 एवं 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भाग ले चुके कर्नल द्विवेदी 27 दिनों तक पाकिस्तान की जेल में भी बंद रहे थे। उन्होंने अपने संघर्ष और युद्धकालीन अनुभवों को साझा करते हुए उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया।

मुख्य अतिथि सभासद जगदीश मौर्या ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को शतधा नमन करते हुए लोकतंत्र की रक्षा और देश की समृद्धि पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता जयप्रकाश सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन में जौनपुर के शहीदों के योगदान का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने शहीदों को नमन-वंदन करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम में जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष संजय कुमार सेठ, ज्ञान चंद्र गुप्त, अश्वनी सहगल, सुरेश चंद्र गुप्ता, श्याम कुमार वर्मा, ओमप्रकाश यादव, विनोद साहू, राजीव जौहरी, सूरज यादव, नीरज शाह, अशोक सेठ, नागेंद्र जायसवाल, जयप्रकाश यादव, विवेकानंद मिश्र, मनोज जायसवाल, हरिलाल, रवि विश्वकर्मा, प्रदीप यादव, आशीष अमरनाथ सेठ, तथागत सेठ आदि उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *