पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Share

 जौनपुर। जनपद जौनपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश श्री गिरीश चंद्र यादव जी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ।

 इसके उपरांत पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हाल में आयोजित समारोह में मा० राज्यमंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’, पूर्व गृह राज्यमंत्री, महाराष्ट्र सरकार श्री कृपाशंकर सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा जौनपुर श्री अजीत प्रजापति को जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने अतिथियों को बुके भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अतिथियों को स्वामी विवेकानंद जी की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया।

 इस अवसर पर मा० राज्यमंत्री जी ने समस्त जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज पूरा देश स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मना रहा है। उन्होंने कहा कि देश को स्वतंत्र कराने के लिए महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में अनेक स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों के त्याग, बलिदान और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

 उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हमें उनके आदर्शों एवं त्याग से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता, समृद्धि एवं विकास के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

 इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को भी स्वामी विवेकानंद जी की पुस्तक भेंट की गई।

 इस अवसर पर जनपद में स्वच्छता एवं साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मा० राज्यमंत्री जी ने सफाई मित्रों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 कार्यक्रम के अंत में क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, कलाकारों, सफाई मित्रों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन सलमान शेख द्वारा किया गया।

 इसी क्रम में विकास भवन, समस्त तहसीलों, विकास खण्डों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। अधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *