जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में देर सायं उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई। बैठक में औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों योजनाओं के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र युवाओं को लाभान्वित किया जाए तथा ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। जिन आवेदन पत्रों के वर्गीकरण की कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है, उनका भौतिक सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकाधिक युवा योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें।
बैठक में सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर विद्युत विभाग के अधिकारी ने बताया कि लो-वोल्टेज से संबंधित समस्या का निस्तारण कराया जा चुका है। इस पर सीड़ा के उद्यमियों द्वारा भी सहमति व्यक्त की गई।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
औद्योगिक क्षेत्र सीड़ा में पार्क की साफ-सफाई के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, धारा 80 के अंतर्गत उप जिलाधिकारी केराकत को मेसर्स गोयनका होंडा के प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक, सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश, एलडीएम भानू प्रकाश दुबे सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply