सम्पूर्ण समाधान दिवस में 189 शिकायतें प्राप्त, 15 का मौके पर निस्तारण

Share

जौनपुर (शाहगंज)। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में तहसील शाहगंज के सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में ग्राम हमजापुर, थाना सरपतहां निवासी संजय कुमार ने दबंगों द्वारा पक्की नाली तोड़कर कब्जा किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज को संयुक्त टीम गठित कर नियमानुसार प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

सिधाई शाहगंज निवासी सिकंदर यादव ने राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति निरीक्षक को पात्रता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम सुरिश निवासी शम्भूनाथ एवं अन्य ग्रामीणों ने जर्जर विद्युत पोल हटाकर नए पोल लगवाने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त अन्य प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

भूमि विवाद से जुड़े अधिक प्रकरण प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निस्तारण नियमानुसार एवं मेरिट के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने धारा-24 के अंतर्गत तीन से पांच वर्ष से लंबित पुराने वादों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने तथा धारा-116 एवं धारा-34 के मामलों की लंबितता समाप्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्विवाद वरासत के मामलों में निर्धारित समयावधि के भीतर वरासत दर्ज करने तथा आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से किसी भी दशा में असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त न हो।

बरसात के कारण खराब हुई सड़कों को लेकर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग को तत्काल सड़कों को मोटरेबल कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। बरसात समाप्त होने के बाद सड़कों पर शीघ्र ब्लैक टॉप कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने तहसील परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जन्म, आय, जाति, निवास सहित अन्य प्रमाण पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 189 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, उप जिलाधिकारी शाहगंज अंकुर वर्मा, क्षेत्राधिकारी शाहगंज सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में जनपद की अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए गए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *