जौनपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में गोरखपुर से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। अधिकारियों एवं शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखा और सुना।
कार्यक्रम के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने जनपद के 75 शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मानित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र के साथ एक-एक पौधा भेंट किया गया। इस दौरान शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि एक अध्यापक का बच्चों के प्रति विशेष लगाव और आत्मीयता होना बेहद जरूरी है। शिक्षक जब बच्चों के साथ अपनापन और सहज व्यवहार रखते हैं तो बच्चे भी बिना झिझक उनके साथ जुड़ते हैं और बेहतर ढंग से सीखते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों से घुल-मिल जाने पर वे अपने मन की बातें भी शिक्षक के साथ साझा करते हैं। इससे उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल बच्चों को पाठ्यक्रम की शिक्षा देने तक सीमित नहीं है। शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और उनके भविष्य को दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक शिक्षक को बच्चों के साथ संवेदनशीलता, धैर्य और आत्मीयता के साथ व्यवहार करना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर नगर खंड शिक्षा अधिकारी रविशंकर यादव, समस्त डीसी, समस्त एसआरजी, पूर्व एआरपी महेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।












Leave a Reply