आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान समारोह आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित

Share

जौनपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अयोध्या से आयोजित माननीय मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया और उनके उद्बोधन को सुना गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, महामंत्री श्री पीयूष गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय आठ हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया जाएगा, जबकि सहायिकाओं का मानदेय चार हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर तथा अतिरिक्त साड़ी के लिए भी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

जनपद में आयोजित समारोह के दौरान नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिलाध्यक्ष श्री अजीत प्रजापति ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में लिया गया निर्णय उनके सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां नन्हे बच्चों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करती हैं और उनके पोषण एवं प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

डॉ. अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की संवेदनशील सोच एवं जनकल्याणकारी नीतियों के कारण प्रदेश में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। सरकार प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मातृवत स्नेह के साथ बच्चों की देखभाल कर उनके स्वस्थ एवं समुचित विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा आईसीडीएस विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *