जौनपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन एवं पीएलवी की मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
सिविल जज सीडी/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर सुशील कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कुशल निर्देशन में आगामी 12 सितम्बर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर श्री सुशील कुमार शशि ने जनपद न्यायालय परिसर में प्रचार वाहन एवं पीएलवी द्वारा मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
प्रचार वाहन के माध्यम से तहसीलों एवं जनपद के अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी पम्पलेट, पोस्टर एवं स्टीकर भी वितरित किए जाएंगे।
इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम अनिल कुमार यादव-प्रथम, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत रणजीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती श्वेता यादव, सिविल जज सीडी/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार सिंह सहित जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बार के प्रतिनिधि के तौर पर चुनाव अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद सिंह, राजीव गुप्ता, अधिवक्तागण एवं अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।












Leave a Reply