जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

Share

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जौनपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश के सांख्यिकीय अन्वेषक युवराज गर्ग ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों, प्रक्रिया, समय-सारिणी तथा आमजन में जागरूकता एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को अंतर्विभागीय समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराते हुए कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कर्मियों की ड्यूटी जिलाधिकारी के संज्ञान में लाए बिना कदापि न हटाई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं के निर्माण एवं नीति निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। जनगणना का डेटा सूक्ष्म स्तर तक उपलब्ध होता है, जिसमें देश के प्रत्येक नागरिक से संबंधित महत्वपूर्ण सामाजिक एवं आर्थिक जानकारी निहित होती है।

कार्यशाला में बताया गया कि जनगणना के द्वितीय चरण में कुल 40 प्रश्न शामिल होंगे। स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित होगी, जबकि जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। इसके लिए जनपद में 11,000 से अधिक गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। साथ ही नवंबर 2026 से पूर्व प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *