जौनपुर। नगरीय क्षेत्र के चाचकपुर फूलमंडी और उमरपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फीवर सर्वे, मच्छरों के प्रजनन स्रोतों की जांच, सोर्स रिडक्शन, पोस्टर-पैंफलेट वितरण, स्वास्थ्य शिक्षा एवं जलजमाव वाले स्थानों पर एंटीलार्वा रसायन का छिड़काव किया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के निर्देशन में उमरपुर क्षेत्र में फाइलेरिया निरीक्षक दीपक कुमार सिंह और अभिषेक सोनकर के नेतृत्व में टीम ने दैनिक जागरण कार्यालय, नगर पालिका यार्ड, सहकारी कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाया। वहीं चाचकपुर फूलमंडी में मलेरिया निरीक्षक चंद्रेश कुमार पटेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सघन कार्रवाई की।
फीवर सर्वे के दौरान लक्षणयुक्त दो लोगों की डेंगू और मलेरिया जांच कराई गई, जिसमें कोई भी व्यक्ति पॉजिटिव नहीं पाया गया।
अभियान का पर्यवेक्षण जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव एवं सहायक मलेरिया अधिकारी सुजीत प्रभाकर ने किया। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जनपद में एलाइजा पुष्ट डेंगू के 7 मरीज, चिकुनगुनिया का 1 मरीज और मलेरिया के 18 मरीज रिपोर्ट किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों और आसपास साफ-सफाई रखें, जलजमाव न होने दें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें तथा सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। किसी भी प्रकार का बुखार होने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क जांच और उपचार कराएं।












Leave a Reply