राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 59,218 मामलों का निस्तारण, ₹22.57 करोड़ की धनराशि पर हुआ समझौता

Share

जौनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद न्यायालय परिसर, जौनपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर श्री सुशील कुमार शशि की अध्यक्षता में किया गया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित किया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में लंबित 7,447 मामलों तथा राजस्व न्यायालयों एवं प्रशासन के अन्य विभागों के 51,771 प्री-लिटिगेशन मामलों सहित कुल 59,218 मामलों का निस्तारण किया गया। इस दौरान कुल ₹22,57,60,855 की धनराशि पर समझौता हुआ।

पारिवारिक न्यायालय द्वारा 70 मुकदमों का निस्तारण करते हुए पीड़िताओं को ₹38.10 लाख की समझौता राशि प्रदान कराई गई। वहीं मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) में 121 मामलों का निस्तारण कर याचियों को ₹8.03 करोड़ से अधिक की क्षतिपूर्ति दिलाई गई।

स्थायी लोक अदालत द्वारा 12 मामलों का निस्तारण करते हुए ₹54.52 लाख की समझौता राशि प्रदान कराई गई। विभिन्न न्यायालयों द्वारा 5,138 शमनीय फौजदारी मामलों का भी निस्तारण किया गया।

इसके अलावा बैंक, फाइनेंस कंपनियों एवं बीएसएनएल आदि से संबंधित 1,135 प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण कर करीब ₹13.32 करोड़ की धनराशि पर समझौता कराया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को ऋण, क्षतिपूर्ति राशि, ट्राई साइकिल, स्टिक एवं अन्य सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, पीठासीन अधिकारी एमएसीटी, जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सहित समस्त न्यायिक अधिकारी, मध्यस्थ, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *