सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर अंतरविभागीय बैठक आयोजित

Share

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी के साथ होंगे विभिन्न कार्यक्रम

जौनपुर। मा० नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों की अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री गिरीश चंद्र यादव, विधायक बदलापुर श्री रमेश चंद्र मिश्रा, विधायक शाहगंज श्री रमेश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन., पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी मा० मंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत की गई। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतिगत सुधारों एवं विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।

अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर-से-वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तथा जनसेवा महाकुंभ शामिल हैं।

अभियान के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जनपद स्तर पर जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रमों की साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की विधानसभा, विकासखंड एवं ग्राम पंचायतवार अद्यतन सूची तैयार की जाए। साथ ही पिछले 9 वर्षों में जनपद में हुए विकास कार्यों, योजनाओं से आए सकारात्मक बदलावों, फोटो, वीडियो एवं सफलता की कहानियों का डेटा तैयार किया जाए।

17 सितम्बर को 25 हजार दीपों से जगमगाएगा गोमती घाट

मा० मंत्री जी ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। 17 सितम्बर को शाम 7 बजे गोमती घाट पर 25,000 दीपों का भव्य दीपदान कर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही जनपदवासियों से अपने घरों, दुकानों एवं अन्य स्थानों पर दीप जलाने की अपील की गई।

अभियान के अंतर्गत नागरिकों को स्वच्छता, नदी एवं घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति एवं मतदाता जागरूकता जैसी विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड एवं विधानसभा स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन एवं यथासंभव मौके पर ही स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के तहत 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ तथा 17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ अभियान का समापन प्रस्तावित है।

मा० प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम से पूर्व सभी सरकारी भवनों, स्मारकों, गो आश्रय स्थलों एवं प्रमुख स्थानों पर विशेष साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही अनाथालयों एवं वृद्धाश्रमों में भी सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएं।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयंसेवी संस्था द्वारा गाय के गोबर से निर्मित दीपक मा० प्रभारी मंत्री को भेंट किया।

बैठक में समस्त विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *