जौनपुर। जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के निर्देशन में जनपद में डेंगू, मलेरिया एवं चिकुनगुनिया की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अर्बन जौनपुर के देवनगर रूहट्टा तथा ब्लॉक सुईथाकला के ग्राम असिथा में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न निरोधात्मक गतिविधियां संचालित कीं।
देवनगर रूहट्टा में फाइलेरिया निरीक्षक दीपक कुमार सिंह एवं अभिषेक सोनकर के नेतृत्व में सुपरवाइजर राकेश सिंह तथा फील्ड वर्करों ने फीवर सर्वे, मच्छर प्रजनन स्रोतों का सर्वे, सोर्स रिडक्शन, पोस्टर पेस्टिंग, पैंफलेट वितरण, स्वास्थ्य शिक्षा एवं प्रचार-प्रसार का कार्य किया। वहीं जलजमाव वाले स्थानों पर एंटी लार्वा रसायन का स्प्रे भी कराया गया।
इसी क्रम में ब्लॉक सुईथाकला के ग्राम असिथा में मलेरिया निरीक्षक सतीश कुमार, बीसीपीएम सुरेश कुमार, लैब टेक्नीशियन राकेश कुमार एवं आशा कार्यकर्ताओं की टीम ने सघन अभियान चलाया। इस दौरान 8 लोगों की मलेरिया एवं डेंगू की जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डेंगू, चिकुनगुनिया और मलेरिया मच्छरों से फैलने वाले संक्रामक रोग हैं। इनमें बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, उल्टी-मिचली, ठंड लगना तथा शरीर पर चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। वर्तमान में जनपद में एलाइजा पुष्ट डेंगू के 9, चिकुनगुनिया के 1 तथा मलेरिया के 18 मरीज रिपोर्ट किए गए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी ने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, झाड़ियों को न उगने दें और जलजमाव न होने दें। नालियों में कूड़ा-कबाड़ न डालें तथा रुके हुए पानी में विभागीय सलाह के अनुसार लार्वा नियंत्रण के उपाय करें। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का बुखार होने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराएं। जनपद के मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर मलेरिया और डेंगू की जांच एवं उपचार की व्यवस्था उपलब्ध है।












Leave a Reply