संवाद कार्यक्रम में कुलपति ने साझा किया अपना विजन, विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के दिए टिप्स
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पीयू) के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने मंगलवार देर शाम आर्यभट्ट सभागृह में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। नियुक्ति के बाद विश्वविद्यालय परिवार के साथ यह उनका पहला संवाद कार्यक्रम था। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास को लेकर अपना विजन साझा करते हुए कहा कि पीयू को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च ग्रेडिंग के साथ स्थापित करना उनका दृढ़ संकल्प है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का निष्ठापूर्ण सहयोग आवश्यक है।
कुलपति ने कहा कि सभी को पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा, क्योंकि आज किए गए उत्कृष्ट कार्यों का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीयू को एक आदर्श शिक्षण संस्थान बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने शिक्षकों से देश के श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में हो रहे नवाचारों एवं अच्छी पहलों का अध्ययन करने और उन पर चर्चा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उपयोगी नवाचारों को विश्वविद्यालय की कार्ययोजना में शामिल कर उन्हें धरातल पर उतारा जाना चाहिए।
कानपुर में आयोजित ‘एआई मंथन’ कार्यक्रम के महत्वपूर्ण बिंदुओं का उल्लेख करते हुए प्रो. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों में अपार ऊर्जा और क्षमता है। आवश्यकता इस बात की है कि इस ऊर्जा का सकारात्मक और सही दिशा में उपयोग किया जाए, ताकि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतर सके।
समाज कल्याण की भावना पर जोर देते हुए कुलपति ने प्रेरणादायक उदाहरण देते हुए कहा, “जिस प्रकार कोई भी वृक्ष अपने फल और छाया का स्वयं उपभोग नहीं करता, बल्कि वह दूसरों के काम आता है, ठीक उसी प्रकार हमें भी अपने कार्यों से सम्पूर्ण समाज का हित करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि इसी सेवाभाव और संकल्प के साथ विश्वविद्यालय को निरंतर आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद यादव ने विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. देवराज सिंह, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. सौरभ पाल, प्रो. रवि प्रकाश, प्रो. राजकुमार, प्रो. गिरधर मिश्र, डॉ. विक्रांत भटीजा, डॉ. रसिकेश, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. नृपेंद्र सिंह, डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव, डॉ. अनु त्यागी, डॉ. श्वेता पांडेय, डॉ. राधिका उर्मलिया, ईशानी भारती, कृष्णा सिंह, डॉ. ऋचा सिंह, डॉ. प्रियंका सिंह, कर्मचारी संघ के महामंत्री राधेश्याम मुन्ना, सुशील प्रजापति सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply