धरमपुर में स्कूल वैन और बस की आमने-सामने टक्कर, कई बच्चे घायल

Share

जौनपुर। मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर में गुरुवार सुबह DRM इंटरनेशनल स्कूल, मधुपुर की स्कूल वैन और एक बस की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में वैन में सवार कई बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का हालचाल लिया। अधिकारियों ने चिकित्सकों से बच्चों के उपचार की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हादसे के बाद जिले में संचालित स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने स्कूल बस और वैन की फिटनेस, परमिट, बीमा, चालक का लाइसेंस, चालक की योग्यता और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कराने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि स्कूली वाहनों की जांच किसी हादसे के बाद नहीं, बल्कि नियमित रूप से होनी चाहिए। यदि किसी वाहन में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने में जिले में स्कूली वाहन से जुड़ी यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले सुजानगंज क्षेत्र में भी स्कूली वाहन से हादसा सामने आया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच स्कूली वाहनों की जांच व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

जिलाधिकारी ने स्कूल प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घायल बच्चों की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *