जन-जन की भागीदारी से सफल बने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अभियान
जौनपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को सफल बनाने के लिए शनिवार को शाही किला परिसर में कॉमन योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने प्रतिभाग करते हुए सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं से योग दिवस में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और यह नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण से सीधे जुड़ा हुआ अभियान है। उन्होंने कहा कि जनपद जौनपुर से योग के क्षेत्र में एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश जाना चाहिए तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल के निर्देशन में आयोजित पूर्वाभ्यास में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। जिलाधिकारी ने इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।
पूर्वाभ्यास कार्यक्रम का संचालन पतंजलि योग समिति के सह-राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति तथा आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक विकास कुमार एवं जगदीश द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक योग संकल्प एवं शांति पाठ कराया गया।इसी क्रम में लोहिया पार्क में भी योग प्रशिक्षक अरविंद कुमार एवं अन्य प्रशिक्षकों द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में आयुष विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।












Leave a Reply