जौनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक जनपद में व्यापक स्तर पर समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान की भावना के अनुरूप संचालित किए जाएंगे। अभियान के दौरान सादगी, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और जनभागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को प्रधानमंत्री के आह्वान पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सभी विकास खंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में व्यापक पौधरोपण किया जाएगा। अमृत सरोवर, तालाब, सड़क, एक्सप्रेसवे, नदी और नहर किनारे पौधे लगाए जाएंगे तथा सिटी फॉरेस्ट विकसित करने पर भी विशेष जोर रहेगा। स्थानीय एवं पारंपरिक प्रजातियों के साथ फलदार पौधों के रोपण को प्राथमिकता दी जाएगी।
8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी देंगे। इस दौरान स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण, मलिन बस्तियों में संवाद तथा “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनसमस्या समाधान शिविर भी लगाए जाएंगे।
14 से 16 जून तक विकास खंड स्तर पर त्रिदिवसीय जनकल्याण एवं स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जाएगा।
16 से 17 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन तथा 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी का आयोजन होगा। प्रदर्शनी में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र, आधारभूत संरचना, औद्योगिक परियोजनाओं, आंतरिक सुरक्षा और विकसित उत्तर प्रदेश की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें किसानों को जीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक खाद एवं जैविक कीटनाशक तैयार करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही जल संरक्षण और गो-आधारित कृषि पर विशेष सत्र भी आयोजित होंगे।
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवाओं, महिलाओं, एनसीसी, पुलिस तथा स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा साइकिल एवं पैदल जागरूकता यात्राएं भी निकाली जाएंगी।
अभियान अवधि के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का आयोजन कर शासकीय योजनाओं की समीक्षा तथा जनशिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। नामित मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी चयनित गांवों में रात्रि विश्राम कर स्थानीय समस्याओं का स्थलीय अध्ययन भी करेंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply