सामुदायिक शौचालय 25 जून तक करें चालू, नहीं तो होगी कार्रवाई डीएम

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सामुदायिक शौचालयों, आरआरसी, अंत्येष्टि स्थलों, डिजिटल लाइब्रेरी एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायतों को निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के सभी सामुदायिक शौचालयों को 25 जून तक पूर्ण रूप से क्रियाशील किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा तक कार्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि जहां भूमि विवाद या अन्य तकनीकी कारणों से कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहां संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।

अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शासन के निर्देशानुसार माननीय जनप्रतिनिधियों के शिलापट्ट अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना एवं उपयोगिता की समीक्षा करते हुए इनके प्रभावी संचालन पर जोर दिया।डीएम ने डिजिटल विलेज की अवधारणा को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सभी सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से बेहतर सेवा वितरण का उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया।बैठक में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट को लगातार संचालित रखने और उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह ने आश्वासन दिया कि जिलाधिकारी द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *