जौनपुर। जनपद जौनपुर पुलिस की साइबर क्राइम थाना/सेल और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। CEIR पोर्टल की मदद से अब तक कुल 1791 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे जा चुके हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 60 लाख रुपये है।
ताजा अभियान में पुलिस ने 151 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। ये मोबाइल जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही सहित दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान से भी बरामद किए गए।

बरामद मोबाइलों में OnePlus, Vivo, Redmi, Oppo, Realme, Tecno, Poco, Nokia और Samsung जैसी कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना/सेल के प्रभारी निरीक्षक महेश पाल सिंह, सत्य प्रकाश सिंह और पूरी साइबर टीम द्वारा की गई।मोबाइल वापस मिलने पर सभी स्वामियों ने जौनपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की अपील: यदि आपका मोबाइल गुम हो जाए तो तुरंत नजदीकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर शिकायत करें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है।












Leave a Reply