पहले दिन बीटेक, डी. फार्मा, बीसीए समेत कई पाठ्यक्रमों में शामिल हुए अभ्यर्थी
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सोमवार को पीयूकैट-2026 के तहत विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा तीन पालियों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई। परीक्षा का निरीक्षण कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह में स्वयं किया। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि पूरे सुचिता के साथ परीक्षा कराई जाए।
परीक्षा समन्वयक प्रोफेसर मिथिलेश सिंह के अनुसार प्रथम पाली (प्रातः 9 बजे से 11 बजे) में डी. फार्मा एवं बीटेक के सभी शाखाओं की परीक्षा हुई। डी. फार्मा में पंजीकृत 224 अभ्यर्थियों में से 172 ने परीक्षा दी, जबकि 52 अनुपस्थित रहे। वहीं बीटेक की सभी शाखाओं में पंजीकृत 375 अभ्यर्थियों में से 293 ने परीक्षा में भाग लिया तथा 82 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
द्वितीय पाली (दोपहर 12 बजे से 2 बजे) में बीसीए की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इसमें पंजीकृत 481 अभ्यर्थियों में से 406 उपस्थित हुए, जबकि 75 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

तृतीय पाली (अपराह्न 3 बजे से 5 बजे) में बीए एलएलबी एवं बीबीए की परीक्षा संपन्न हुई। बीए एलएलबी में 387 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 307 ने परीक्षा दी तथा 80 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं बीबीए में 180 अभ्यर्थियों में से 158 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 22 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं।












Leave a Reply