परिषदीय विद्यालयों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने निकले जिलाधिकारी, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

Share

जौनपुर। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने करंजाकला क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पठन-पाठन, छात्र उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

उच्च प्राथमिक विद्यालय हरदीपुर में प्रधानाध्यापक सकीना खातून बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में दिए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और चावल का नमूना लिया। रसोई में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए विद्यालय में कंप्यूटर को क्रियाशील कराने तथा दीक्षा ऐप का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

प्राथमिक विद्यालय हरदीपुर के निरीक्षण में अधिकांश बच्चे बिना यूनिफॉर्म के पाए गए। जिलाधिकारी ने विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और शैक्षिक स्तर की जानकारी ली तथा शिक्षण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय पाल्हामऊ में शिक्षिका कुसुम द्विवेदी अनुपस्थित मिलीं। जिलाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी केंद्रों और विद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान भी बच्चों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में पठन-पाठन का वातावरण बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता, बिजली, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तत्काल दूर कराते हुए व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *