हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली

Share

जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जनपद में तिरंगा बाइक रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ माननीय राज्यमंत्री खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चंद्र यादव एवं माननीय विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंसु’ ने मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खड़िया की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर किया।

तिरंगा बाइक रैली में परिषदीय विद्यालयों के अध्यापक-अध्यापिकाओं सहित आम जनमानस ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर यातायात नियमों के पालन एवं स्वयं की सुरक्षा का संदेश दिया। शिक्षकों ने तिरंगा स्कूटी एवं बाइक पर हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया तथा वीर शहीदों को नमन करते हुए ‘भारत माता की जय’ के जयघोष किए। राष्ट्रप्रेम के नारों से पूरे मार्ग का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

रैली के समापन अवसर पर माननीय राज्यमंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव एवं विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंसु’ ने कलेक्ट्रेट स्थित विकास भवन के समीप क्रांति स्तंभ पर पुष्प अर्पित किए तथा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर माननीय राज्यमंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि शासन के निर्देश पर संपूर्ण प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों की देशभक्ति, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन करना तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्हीं के संघर्ष और त्याग के कारण हमारा देश स्वतंत्र हुआ। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि शासन की मंशा के अनुरूप ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें और राष्ट्रध्वज का सम्मान बनाए रखें।

माननीय विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंसु’ ने कहा कि तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को तिरंगा सम्मान के साथ अपने घर पर लगाने के साथ ही यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि राष्ट्रध्वज को उतारने के बाद सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक रखा जाए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा बाइक रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम जनमानस में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।

मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खड़िया ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

उन्होंने तिरंगा बाइक रैली में शामिल बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापक-अध्यापिकाओं, मीडिया बंधुओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पुलिस प्रशासन एवं आम जनमानस के प्रति आभार व्यक्त किया।

भव्य तिरंगा बाइक रैली ने जनपद में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, यातायात नियमों के पालन तथा शहीदों के सम्मान का सशक्त संदेश दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *