जौनपुर। जनपद जौनपुर की प्रतिष्ठित साहित्यिक, रचनात्मक एवं सामाजिक संस्था गीतांजलि जौनपुर का 54वाँ ऋतु अभिनंदन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम नगर स्थित आर.एन. टैगोर हायर सेकेंडरी स्कूल, सुखीपुर में भव्य रूप से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष नीरज शाह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सरकारी पीजी कॉलेज, मेहरावा के भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. मुक्ता राजे उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. शीला सिंह (संस्थापिका, आर.एन. टैगोर हायर सेकेंडरी स्कूल), अनीता सिंह (शहर कोतवाल) तथा बिट्टू किन्नर (प्रदेश अध्यक्ष, किन्नर प्रकोष्ठ) शामिल रहे।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में अतिथियों ने रवीन्द्रनाथ ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा विद्यालय परिसर में कल्पवृक्ष, रुद्राक्ष, लाल चंदन एवं सफेद चंदन के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
द्वितीय चरण में रवीन्द्रनाथ ठाकुर के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया गया।

संस्था के पूर्व अध्यक्ष डॉ. ब्रह्मेश शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि महासचिव रामानंद विश्वकर्मा ने संस्था के 54 वर्षों की साहित्यिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम संयोजक रूप नारायण माली ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि “केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी आवश्यक है।”
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र जायसवाल एवं रामप्रताप सोनी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की सफलता में संस्था के पूर्व अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव, गौतम सोनी, संरक्षक चंद्र प्रताप सोनी, कोषाध्यक्ष पवन सोनी, डॉ. पी.के. सिंह, रमेश शर्मा, सुरेश चंद्र गुप्ता, गोपाल दास विश्वकर्मा, प्रमोद गुप्ता, सुनील कुमार शाह, विनोद पाठक सहित संस्था के अनेक पदाधिकारियों, सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकारों की भी विशेष सहभागिता रही।
अंत में संस्था के अध्यक्ष नीरज शाह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन रवीन्द्रनाथ ठाकुर द्वारा रचित राष्ट्रगान के सामूहिक गायन तथा श्रावणी भोज के साथ हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के संरक्षक महेंद्र विक्रम ने किया।












Leave a Reply