सड़कों की गुणवत्ता से समझौता नहीं, एक माह में प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश: डीएम

Share

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

[जौनपुर]। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग की निर्माणाधीन सड़कों एवं संपर्क मार्गों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की सभी सड़कों का निरीक्षण कर उन्हें गड्ढामुक्त कराया जाए। विशेष रूप से शहरी क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त कराने तथा जनपद की सीमा में आने वाले सभी प्रमुख एवं संपर्क मार्गों को एक माह के भीतर ठीक कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य केवल खानापूर्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए। कार्य की गुणवत्ता, निर्धारित मानक और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तथा तकनीकी गुणवत्ता की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने निर्मित एवं निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कमेटी में जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक अभियंता तथा अधिशासी अभियंता को शामिल किया जाएगा। गठित टीम अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच करेगी।

निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, मरम्मत एवं निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा आवश्यक सुधार कार्यों का परीक्षण करते हुए जियो-टैग फोटोग्राफ्स सहित जांच रिपोर्ट उसी दिन शाम तक जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की कमी, लापरवाही अथवा निर्धारित मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण सहित अन्य विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनीटरिंग की जाए और कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। आमजन को आवागमन में असुविधा न हो, इसके लिए क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डा. अरुण यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *