दीवानी व कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघों ने दिया जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित हो रहे सामूहिक विवाह का समर्थन

Share

जौनपुर। समाज में आपसी सद्भाव, समानता और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने की दिशा में जिले की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था “जेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट, जौनपुर” एक सराहनीय पहल करने जा रही है। संस्था द्वारा दिनांक 7 दिसंबर 2025, रविवार को मोहम्मद हसन महाविद्यालय के मैदान में दहेज रहित आदर्श सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस पुनीत कार्य को लेकर जिले के सभी तबकों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

इस आयोजन का उद्देश्य समाज में फैली दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को समाप्त करना तथा युवाओं को सरल, सादगीपूर्ण और आदर्श विवाह की दिशा में प्रेरित करना है। संस्था कई वर्षों से ऐसे आयोजन कर रही है, जिसमें बिना किसी खर्चे के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी संपन्न कराई जाती है।

इस बार के आयोजन को लेकर जिले की दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ, जौनपुर एवं कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति, जौनपुर ने संयुक्त रूप से समर्थन व्यक्त किया है।
दीवानी अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र यादव और मंत्री रणबहादुर यादव ने अपने पत्र में कहा है कि संघ अपने सभी सम्मानित सदस्यों एवं जनपदवासियों से अपील करता है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहयोग दें। उन्होंने जे. जे. का फाउंडेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों संजय कुमार सेठ तथा अन्य सहयोगियों के प्रति आभार जताया, जिन्होंने समाज में दहेज रहित विवाह की प्रेरणा जगाई है।

वहीं कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति, जौनपुर के अध्यक्ष घनश्याम सिंह एडवोकेट व महामंत्री मनोज कुमार मिश्रा एडवोकेट ने भी अपने संगठन की ओर से पूर्ण समर्थन की घोषणा की है। समिति ने अपने पत्र में कहा है कि यह आयोजन समाज में भाईचारे और समानता का उदाहरण बनेगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज सदैव ऐसे सामाजिक सुधार के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और आगे भी निभाएगा।

महामंत्री मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि सामूहिक विवाह के सफल आयोजन के लिए सभी अधिवक्ता साथी अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।

दोनों संगठनों ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे इस दहेज रहित आदर्श विवाह समारोह में अधिक से अधिक सहयोग दें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का हिस्सा बनें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *