शाही किले में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, योगमय हुआ जौनपुर
जौनपुर। 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम शाही किला जौनपुर में आयोजित हुआ। यहां पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ जिसमें मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव रहे। इस वर्ष योग दिवस की थीम रही योग फॉर हेल्थी एजिंग (स्वस्थ आयु के लिए योग)। राज्य मंत्री ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग एक व्यायाम नहीं अपितु हमारी सनातनी पद्धति है जो हमारे स्वस्थ जीवन, आत्मानुशासन का आधार है। उन्होंने वर्तमान थीम स्वस्थ आयु के लिए योग विषय के संबंध में कहा कि इसका अर्थ यह है कि योग को हमें अपने दिनचर्या में सम्मिलित कर स्वयं स्वस्थ रहना होगा। जिले के सभी विकासखंडों तथा भारतीय जनता पार्टी के मंडल स्तर तक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के योग दिवस पर कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को भी देखा गया।
उपस्थित सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति द्वारा कराया गया। उनके साथ मुख्य मंच पर योग प्रशिक्षक विकास यादव और जगदीश यादव रहे। योग गुरु ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। योगाभ्यास की शुरुआत हल्के वार्मअप और सूक्ष्म व्यायाम से हुई, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन, शलभासन, शीर्षासन तथा सूर्य नमस्कार सहित कई महत्वपूर्ण योगासन किए। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी सहित विभिन्न प्राणायाम भी कराए गए। दूसरे सहयोगी मंच पर योग प्रशिक्षक क्षमा सिंह, वंदना साहू, सुप्रिया सिंह समेत अन्य योग प्रशिक्षकों ने मंच के सामने उपस्थित लोगों का अभ्यास कराया।
समापन पर योग गुरु अचल हरिमूर्ति ने सभी को नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दूसरों को भी योग के प्रति प्रेरित करने की शपथ दिलाई। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल ने सफल कार्यक्रम के लिए पूरी टीम और विशेष रूप से अचल हरिमूर्ति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एमएलसी बृजेश कुमार सिंह प्रिंसु, भाजपा जिलाध्यक्ष जौनपुर अजीत प्रजापति, भाजपा जिलाध्यक्ष मछलीशहर डा. अजय सिंह, पूर्व गृह राज्यमंत्री महाराष्ट्र सरकार कृपाशंकर सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, प्रदीप कुमार पांडेय, मनोज कुमार सिंह, नंदलाल, निलेश, राजन सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, सोनू यादव, वीरेन्द्र यादव सहित जनपद के समस्त विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, योग शिक्षक तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने योग प्रशिक्षकों को पौधा, अंगवस्त्रम से सम्मानित करते हुए पुरस्कार राशि से पुरस्कृत किया गया। सम्मानित होने वाले योग प्रशिक्षकों में योग गुरु अचल हरिमूर्ति, जगदीश यादव, विकास यादव, क्षमा सिंह, सुप्रिया सिंह, वंदना साहू, अमित सिंह एवं शशिभूषण यादव समेत मौके पर उपस्थित सभी योग प्रशिक्षक शामिल रहे।
कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था, जहां जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने सेल्फी लेकर योग के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आमजन को पौधों का वितरण भी किया गया तथा सभी से अपील की गई कि पौधरोपण के इस महाअभियान से जुड़कर प्रकृति को संरक्षित करने में अपना सहयोग प्रदान करे। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य शिविर, हेल्थ डेस्क, आगंतुकों के लिए पेयजल, फल इत्यादि की व्यवस्था की गई थी। शाही किला प्रांगण के अंदर तथा बाहर सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के सफल एवं भव्य आयोजन पर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा एनसीसी स्वयंसेवकों की सराहना की गई। साथ ही पुलिस विभाग द्वारा किए गए उत्कृष्ट ट्रैफिक एवं यातायात व्यवस्था की भी प्रशंसा की गई।

इसी क्रम में जनपद के समस्त विकास खंडों, ग्राम पंचायतों में भी जनप्रतिनिधिगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में योग शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया। उल्लेखनीय है कि योग सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 15 जून से 20 जून 2026 तक जनपद स्तर, तहसील स्तर, विकास खंड स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रमों में लगभग 6,71,370 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इसमें जनपद स्तर पर करीब 20,122, तहसील स्तर पर 53,330, विकास खंड स्तर पर 95,608 तथा ग्राम पंचायत स्तर पर 5,02,310 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। यह जनपदवासियों में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं जनसहभागिता का प्रतीक है। कार्यक्रम का संचालन प्रीति और नूपुर श्रीवास्तव द्वारा किया गया।













Leave a Reply