जौनपुर। आज सायंकाल जनपद के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगियापुर पुल के समीप स्थित प्रेमगाढ़ा शो रुम नामक फर्नीचर शोरूम में आग लगने की घटना घटित हुई। घटना के समय जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह व अन्य अधिकारी तत्काल मौके पहुंचे।
इसके उपरांत तत्काल फायर विभाग को सूचना दिया गए। लगभग 7-8 मिनट के भीतर पहला फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंच गया। इसके साथ ही उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। लगभग 15-20 मिनट के भीतर चार से पांच फायर टेंडर आग बुझाने के कार्य में जुट गए।
उक्त प्रतिष्ठान प्रेमगाढ़ा शो रुम नामक फर्नीचर शोरूम है। भूतल पर घरेलू सामान, प्रथम तल पर शोरूम तथा द्वितीय तल पर गोदाम संचालित था। गोदाम में बड़ी मात्रा में फर्नीचर, गद्दे, कुशन, प्लास्टिक चेयर एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैली और लंबे समय तक धधकती रही। लगभग दो घंटे से अधिक समय तक लगातार प्रयास के बावजूद आग पर पूर्ण रूप से काबू पाने के लिए अभियान जारी रहा।
जिलाधिकारी ने बताया कि राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि संपत्ति का नुकसान हुआ है, जिसका आकलन कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। इसकी पुष्टि के लिए विद्युत सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक एवं अग्निशमन विभाग से विस्तृत जांच रिपोर्ट प्राप्त की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रतिष्ठान में अग्निशामक यंत्र उपलब्ध थे, किंतु घबराहट के कारण उनका समय पर उपयोग नहीं किया जा सका, जिससे आग तेजी से फैल गई।
घटना की जांच हेतु दो सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, एसडीएम सदर योगिता सिंह को शामिल किया गया है। समिति को अगले दिन सायंकाल तक अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील करते हुए कहा कि गोदामों में अत्यधिक मात्रा में सामान न रखें तथा आवागमन के मार्ग सदैव खुले रखें। अग्नि सुरक्षा मानकों एवं फायर सेफ्टी प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं को देखते हुए जनपद के स्कूलों, कॉलेजों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच कराई जा रही है तथा सभी से निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि व्यवसाय करना सभी का अधिकार है, किंतु वहां कार्यरत कर्मचारियों एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। शासन इस विषय को लेकर पूर्णतः गंभीर एवं संवेदनशील है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन द्वारा अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।












Leave a Reply