जौनपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मड़ियाहूँ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना मड़ियाहूँ पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए योगेश गौतम (27 वर्ष) निवासी बाबागंज मोकलपुर, थाना मड़ियाहूँ को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में थाना मड़ियाहूँ में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में आर्म्स एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट, धमकी, मारपीट तथा पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इसी वजह से वह थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर भी है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रसिद्ध नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल अनुज प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल अभिषेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












Leave a Reply