गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों का विकास भी जरूरी : डॉ. आरती द्विवेदी

Share

कानपुर नगर। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शकुन्तला देवी राज शिक्षा सेवा संस्थान (रजिस्टर्ड), कानपुर नगर के तत्वावधान में तथा राज मेमोरियल पब्लिक स्कूल, निराला नगर के सहयोग से राधा कृष्ण पार्क में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिवाकर प्रजापति ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित किए जाएं तो भविष्य में वे एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

संस्था की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आरती द्विवेदी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों का विकास होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाना भी है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नई पीढ़ी ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष पियूष मिश्रा ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया, वर्षा और जीवनदायिनी ऊर्जा प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए।

संस्था की कोषाध्यक्ष श्रीमती संध्या चक्रवर्ती ने बच्चों के साथ पौधारोपण कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति प्रेम का संकल्प दिलाया। उन्होंने बच्चों से अपने जन्मदिन, त्योहारों एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज मेमोरियल पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने सामूहिक रूप से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन “एक वृक्ष, एक जीवन” के संदेश के साथ हुआ। संस्था ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *