विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज प्रतियोगिता में युवाओं ने किया प्रतिभाग, पंजीकरण की दी गई जानकारी
जौनपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की ओर से शासन के निर्देश एवं कुलपति प्रो. आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में शुक्रवार को आर्यभट्ट सभागार, राज्जू भैया संस्थान में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” एवं विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 के अंतर्गत मिशन मोड अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के नवोन्मेषी विचार, रचनात्मक सोच और प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान तथा विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (VBYLD) क्विज प्रतियोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवा माई भारत पोर्टल के माध्यम से क्विज प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण कर सकते हैं और पंजीकरण के बाद इस राष्ट्रीय स्तर की पहल में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद युवाओं को अपनी प्रतिभा, नवाचार, रचनात्मक सोच और विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करता है। युवाओं को ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन आंची वर्मा एवं सिद्धार्थ कुमार सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन सुमित सिंह ने किया।
इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार मौर्य, डॉ. पी.सी. यादव, अभिषेक कुमार गर्ग, माय भारत के स्वयंसेवक सुमित सिंह, विपिन यादव, स्नेहा मिश्रा, आर्ची वर्मा, उत्कर्ष तिवारी, प्रभात तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।












Leave a Reply