बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव निलंबित

Share

वरिष्ठ प्रवक्ता मो. जावेद रजी को बनाया गया कार्यवाहक प्रधानाचार्य

नियुक्ति और शैक्षिक अर्हता से जुड़े मामले में प्रबंध समिति ने लिया कड़ा निर्णय

जौनपुर। नगर स्थित बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव को नियुक्ति एवं शैक्षिक अर्हता से जुड़े आरोपों और जांच प्रक्रिया के क्रम में प्रबंध समिति ने निलंबित कर दिया है। वहीं, विद्यालय के सुचारू संचालन के लिए वरिष्ठ प्रवक्ता मो. जावेद रजी को कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में कार्य करने हेतु हस्ताक्षर प्रमाणित कर दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ओमनाथ बिंद ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव की नियुक्ति और शैक्षिक अर्हता पर सवाल उठाए थे। शिकायत में वर्ष 1998 में प्रवक्ता (नागरिक शास्त्र) पद पर नियुक्ति एवं अनुमोदन, एमएससी (रसायन विज्ञान) की शैक्षिक अर्हता, 8 मार्च 2019 के विनियमितीकरण आदेश, पद की रिक्ति तथा 31 अगस्त 2019 को प्रधानाचार्य पद पर चयन से संबंधित बिंदु उठाए गए थे।

मामले की जांच के बाद अधिकारियों ने 10 अगस्त 2026 को अपनी आख्या प्रस्तुत की। इसमें उपलब्ध अभिलेखों और संबंधित पक्षों के स्पष्टीकरणों का परीक्षण करते हुए शिकायत के विभिन्न बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट की गई। जांच आख्या में यह भी उल्लेख किया गया कि शिकायतकर्ता द्वारा उठाए गए कुछ बिंदुओं के संबंध में प्रधानाचार्य की ओर से साक्ष्य एवं अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। साथ ही नियुक्ति, सेवा विवरण, पूर्व अनुमोदनों और संबंधित आदेशों का भी उल्लेख किया गया।

इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने 13 नवंबर 2026 को शिकायत के बिंदुओं पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसी क्रम में प्रबंध समिति ने 16 नवंबर 2026 को प्रस्ताव पारित कर प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया। इसके बाद 17 नवंबर को वरिष्ठ प्रवक्ता मो. जावेद रजी को कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में कार्य करने के लिए उनके हस्ताक्षर प्रमाणित किए जाने संबंधी प्रस्ताव भेजा गया।

प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने 25 नवंबर 2026 को निलंबन अवधि के दौरान विद्यालय के कार्यों के संचालन के लिए मो. जावेद रजी के हस्ताक्षर कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में प्रमाणित कर दिए। यह प्रमाणन इस शर्त के साथ किया गया है कि प्रकरण का निस्तारण होने तक विद्यालय के सभी कार्य नियमानुसार संपादित कराए जाएंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *