निर्बाध विद्युत आपूर्ति, हर घर स्वच्छ पेयजल, सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर
जौनपुर। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर विद्युत तारों एवं खंभों को शीघ्र बदलने तथा क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए। किसानों की सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने को भी कहा। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विद्युत व्यवस्था के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।
स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों को बनाएं स्वच्छ
नगर विकास मंत्री ने नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशनों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने और पेट्रोल पंपों पर स्थित शौचालयों को भी स्वच्छ एवं उपयोग योग्य बनाए रखने को कहा।
जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने पर जोर
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न मिलने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही जल निगम की परियोजनाओं के कारण खोदी गई सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाने को कहा।
किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जनपद में बीज एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना सहित अन्य किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। धान खरीद की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में बोरों तथा किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए डेंगू से प्रभावित मरीजों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं और बेहतर उपचार सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव तथा जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश
जनपद में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण एवं गड्ढामुक्ति कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सभी संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने को कहा, जिससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम हो सके। उन्होंने पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिए।
पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ें अधिकारी
प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने समाज कल्याण सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहना चाहिए।
बैठक में विधायक शाहगंज श्री रमेश सिंह, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह प्रिंसू, भाजपा जिलाध्यक्ष जौनपुर श्री अजय प्रजापति एवं मछलीशहर के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेन्द्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply