डीएम सैमुअल पाल एन. ने राजस्व कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की
जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व, कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान लंबित ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण, ई-परवाना के लिए प्राप्त आवेदनों के तहसीलवार निस्तारण तथा अंश निर्धारण से संबंधित तहसीलवार प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों को प्रभावी वसूली कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व देयों की वसूली में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए वसूली की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा राजस्व न्यायालयों में विभिन्न धाराओं के अंतर्गत लंबित वादों की न्यायालयवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने तथा नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यवाही करने, लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा पोर्टल पर प्रगति को नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ठ, उप जिलाधिकारीगण, तहसीलदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply